एनसीएल बीना में अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता का शुभारंभ
प्राप्त जानकारी के अनुसार एनसीएल की बीना परियोजना में गुरुवार को अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता 2026-27 का शानदार आगाज हुआ।

स्वदेशी मीडिया
सिंगरौली। प्राप्त जानकारी के अनुसार एनसीएल की बीना परियोजना में गुरुवार को अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता 2026-27 का शानदार आगाज हुआ। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 20 से 22 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। इसमें एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं और इकाइयों की 13 टीमों के 91 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर परियोजना अधिकारी (बीना) एम.के. शर्मा, ब्रिज फेडरेशन ऑफ इंडिया के असिस्टेंट डायरेक्टर एस.पी. शर्मा, परियोजना जेसीसी सदस्य, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच डुप्लीकेट स्पर्धा, पेयर्स स्पर्धा और टीम चैंपियनशिप के मुकाबले होंगे। अलग-अलग प्रारूपों में खिलाड़ी अपनी रणनीति, तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों में खासा उत्साह नजर आया।
एनसीएल की ओर से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता भी इसी कड़ी का हिस्सा है, जिसमें कंपनी की विभिन्न परियोजनाओं और इकाइयों से खिलाड़ी एक मंच पर जुटे हैं। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम और खिलाड़ियों के बीच चैंपियनशिप के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

